प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष मिथिलेश विजय की अगुवाई सर्वदलीय धरना शुरू

सलखुआ‌ (सहरसा) ब्रजेश भारती : सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल क्षेत्र के सलखुआ प्रखंड को पूर्ण रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने और प्रखंड की अनदेखी किये जाने के विरोध में सर्वदलीय कमिटी के द्वारा सोमवार से प्रखंड कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन व आमरण अनशन कार्यक्रम शुरू किया गया। धरना का आयोजन मुखिया संघ के अध्यक्ष मिथलेश विजय के नेतृत्व में किया गया है।

कार्यक्रम को लेकर लोग सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर लोगों का पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। इस मौके पर धरना का नेतृत्व कर रहे मुखिया संघ के अध्यक्ष श्री विजय ने कहा कि सलखुआ प्रखंड को जब तक पूरी तरह से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित नहीं कर दिया जाता तब तक केवल धरना ही नहीं आमरण अनशन भी जारी रहेगा। सरकार और प्रशासन को हमारी जायज मांगे माननी होगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा कि सलखुआ प्रखंड के लोग बाढ़ से पूरी तरह प्रभावित हैं। लोग हमेशा ही बाढ़ को लेकर चिंता सताती रहती है। इसके बावजूद भी उक्त प्रखंड को पूरी तरह से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित नहीं किया जाना निंदनीय है। इसके विरोध में सभी दलों के लोग एकजुट होकर आगे आ गए हैं।

अनशन पर बैठे दल के लोगों की प्रमुख मांगे सलखुआ प्रखंड के सम्पूर्ण पंचायत को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित किया जाए एवं सलखुआ प्रखंड के सभी खाताधारकों के खाते से केवाईसी छुड़ाया जाए, किसानों के फसल क्षति की क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराई जाए, पिछले वर्ष छुटे हुए लाभुकों का नाम बाढ़ प्रभावित सूची में जोड़ा जाए एवं राशि भेजें।

कोशी नदी के कटाव में विलीन हुए विस्थापित परिवार को भूमि पुनर्वास उपलब्ध कराया जाए, प्रधानमंत्री आवास योजना में छूटे लाभुकों का नाम जोड़ा जाए, मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था कराये जाने सहित अन्य मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया।

मौके पर धरना प्रदर्शन में प्रखंड प्रमुख रीता देवी, उपप्रमुख इनरदेव प्रसाद यादव, व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश यादव, सीपीआई अंचल मंत्री उमेश चौधरी, पैक्स अध्यक्ष सुभाष यादव, समिति सदस्य कुंदन यादव, समिति सदस्य अरशद जी, महेन्द्र नारायण, सरपंच देवनारायण यादव, हम पार्टी नेता अनिल सादा, सुलो कम्पनी, अरुण यादव, देवेश कुमार, जनार्दन जी, जयप्रकाश जी, अनिल महतो सहित अन्य मौजूद रहे।