खगड़िया से सहरसा के लिए आने के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर धराया

खगड़िया : जिले के मोरकाही थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक एक्सयूवी चार चक्का वाहन में सवार पांच युवकों को गिरफ्तार करते हुए वाहन को जब्त कर लिया। गिरफ्तार युवकों के पास से हथियार, जिंदा कारतूस, नगदी सहित अन्य समान बरामद किया गया।

इस संबंध में खगड़िया पुलिस ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर गिरफ्तारी की जानकारी साझा किया है। जारी विज्ञप्ति के अनुसार मोरकाही थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ बदमाश घटना को अंजाम देने सोनमनखी के रास्ते सहरसा की ओर जा रहा है। प्राप्त सूचना के आलोक में सूचना का सत्यापन किया गया।

उसके बाद मोरकाही थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार, चित्रगुप्त नगर थानाध्यक्ष महानंद चौधरी, मोरकाही थाना के पुअनि राजीव रंजन, सअनि एसएम अख्तर एवं चित्रगुप्त थाना के पुअनि चंदन कुमार एवं पुलिस बलों के द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया। इस दौरान एक बीआर 11 पीसी 5936 नंबर की एक्सयूवी को रोक तलाशी ली गई।

तलाशी के क्रम में 2 देशी कट्टा, 1 पिस्टल, 41 जिन्दा गोली, 7 मोबाईल, 2 बिडोलिया, 36 हजार रुपए नगदी, 1 एके 47 का मैगजीन एवं एक चाकू बरामद किया गया। वहीं गाड़ी को जब्त करते हुए सवार युवकों को हिरासत में ले लिया गया।

पुछताछ उपरांत हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान सहरसा जिला के चिड़ैया ओपी क्षेत्र के बेलाही के रहने वाले रामानंद यादव के पुत्र रौशन कुमार, खगड़िया जिला के नया टोला बलुआही निवासी जवाहर यादव के पुत्र रंजीत यादव, चुकती राणा प्रताप यादव के पुत्र रितेश कुमार उर्फ मनिलाल यादव, इसी जिले के छर्रापट्टी अलौली निवासी महेंद्र महतो के पुत्र विजेन्द्र कुमार एवं बेगुसराय जिले के बखरी निवासी रंजीत इश्वर के पुत्र केशव इश्वर के रूप में की गई। बताया गया है कि सभी गिरफ्तार युवकों के अपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।