असमाजिक तत्वों ने पुलिस बलों पर कर दी पत्थरबाजी, किया गया चिन्हित

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर द्वारा शुक्रवार को दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रखा। दंडाधिकारी सह नगर कार्यपालक पदाधिकारी कमलेश कुमार और दंडाधिकारी सह राजस्व पदाधिकारी खुशबु कुमारी के नेतृत्व में दूसरे दिन नप क्षेत्र अंतर्गत चौधरी टोला से रानीबाग होते हुए नहर तक अतिक्रमणकारियों से अतिक्रमण खाली करवाया गया।

इस मौके पर कार्यपालक पदाधिकारी कमलेश कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि अब अतिक्रमण बर्दाश्त नही किया जायेगा। अब हर रोज अतिक्रमण पर नजर रखा जायेगा। अतिक्रमण लगाने वाले से जुर्माना भी वसूला जायेगा। इधर अतिक्रमण हटाने की खबर में फैलने पर दुकानदार चौकस हो उठे। जिसके बाद धड़ाधड़ सभी दुकानदार अपने सामानों को अंदर करने लगे। जिनके द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया उनके अतिक्रमण को जेसीबी की सहायता से हटाया गया।

पुलिसबलो ने किया हल्का बल प्रयोग : शुक्रवार को चौधरी टोला से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत हुई। इस दौरान जेसीबी के सहायता से दंडाधिकारी और पुलिस बलो की मौजूदगी मे अतिक्रमण हटाया जा रहा था। जैसे ही पुलिस बल रानीबाग ढाला पर पहुंची तो पुलिसबलो ने उपस्थित भीड़ को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया।

वहीं भीड़ में शामिल असामाजिक तत्व द्वारा पुलिसबलो और नप कर्मियों पर रेल पटरी के बगल से पत्थर उठाकर फेंका गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन वह भीड़ का फायदा उठा कर भाग निकला। हालांकि अच्छी बात यह रही की पत्थर किसी को नहीं लगा। इस संबंध मे ईओ कमलेश कुमार ने बताया कि पत्थर फेंका गया है। पत्थर फेंकने वाले की पहचान कर ली गई है। उसके ऊपर विधि सम्मत कानूनी कार्यवाई की जाएगी।

बारह बजे दिन मे शुरू हुआ अभियान : पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को दिन के करीब बारह बजे से नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत हुई। दो जेसीबी की सहायता से दिनभर अतिक्रमण हटाओ अभियान चला। इस दौरान कुछ जगहों पर नप कर्मियों और दुकानदार के बीच हल्की नोंक – झोंक भी हुई है। लेकिन मामले को समझा – बुझा कर शांत करा लिया गया।

ज्ञात हो की एक दिन पूर्व गुरुवार को सिमरी बख्तियारपुर मुख्य बाजार मे अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। सुबह ग्यारह बजे से शाम पांच बजे तक यह अभियान चला।

इस मौके पर बख्तियारपुर थाना के थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार, पुष्परंजन सिंह, नपकर्मी हसनैन मोहसिन, जेई नीतीश कुमार, अमीन भीम कुमार, रंजन पासवान, पप्पू स्वर्णकार, महेश पासवान, सोहन साह सहित अन्य मौजूद थे।

चलते चलते ये भी पढ़ें : शहर के मुख्य बाजार से डाक बंगला चौक तक चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान