बगेबा घाट पहुंच कटाव पीड़ितों मिल हर संभव सहायता का दिया आश्वासन 

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) जदयू के पूर्व विधायक डॉ अरुण कुमार यादव लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों का दर्द सुन सहायता राहत दे रहे हैं। इस क्रम में मंगलवार को वो सलखुआ प्रखंड के बगेबा, उटेसरा, पीपरा, भेलवा टोल, टेंगराहा, गोरीडीह सहित अन्य स्थानों पर पहुंच बाढ़ से प्रभावित लोगों से मिल जानकारी ली।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ है, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने साफ तौर पर कहा है कि बाढ़ पीड़ितों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो इसका ख्याल रखें। सरकारी स्तर पर समुदायिक रसोई का संचालन किया जा रहा है। वहीं राहत कीट भी उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। पानी का स्तर कम होने के उपरांत क्षति का आंकलन किया जाएगा।

पूर्व विधायक ने कहा कि सरकार के खजाने पर पहला हक बाढ़ पीड़ितों का है। उन्होंने कहा कि पानी बहुत तेजी से घट रहा है अब कटाव होगा, जल संसाधन विभाग को इस स्थिति से अवगत कराया जाएगा, जहां कटाव होगा वहां कटाव निरोधी कार्य किए जाएंगे। इस मौके पर बिंदू कुमार निराला, मुखिया संघ जिलाध्यक्ष विनय कुमार, डिंपल यादव, सर्वेश साह, अनिल महंथ, सिकेन्द्र यादव, रंजीत यादव, मोहन भगत, संजीत कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।