नगर परिषद क्षेत्र के अलमा वार्ड नंबर 4 के रहने वाले थे रिटायर्ड शिक्षक

दाखिल-खारिज नकल के लिए कई दिनों से अंचल कार्यालय का लगा रहे थे चक्कर

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) नगर परिषद क्षेत्र के खम्हौती के अलमा वार्ड नंबर 4 निवासी सेवानिवृत्त 72 वर्षीय शिक्षक विनोद शर्मा का निधन बुधवार को अंचल कार्यालय के सीओ वेश्म के आगे अचानक हार्ट अटैक से हो गया। वेश्म के आगे मौत से तत्काल थोड़ी देर के लिए अफरातफरी का माहौल हो गया।‌

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार सेवानिवृत्त शिक्षक विनोद शर्मा कुछ दिनों से अंचल कार्यालय दाखिल-खारिज मामले का नकल लेने के लिए चक्कर लगा रहे थे। इस क्रम में वो बुधवार को अंचल सह प्रखंड कार्यालय के सीओ वेश्म के आगे बैठ कर नकल के लिए इंतजार कर रहे थे। इस दौरान अचानक फर्श पर बैठे विनोद शर्मा फर्श पर लुढ़क गया। आसपास खड़े लोग के बीच अफरातफरी मच गई।

हालांकि कुछ देर के लिए कोई आगे आने की हिम्मत नहीं कर सका जिसके बाद किसी कार्य से अंचल पहुंचे सरडीहा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य राहुल सिंह आगे बढ़ विनोद शर्मा की सहायता करने लगा। इस दौरान सीओ शुभम वर्मा द्वारा एम्बुलेंस को फोन कर बुलाया। राहुल सिंह सहित अन्य लोगों की मदद से मुर्छित विनोद शर्मा को स्थानीय अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने के तत्काल बाद डॉ. संजीव आर्या ने जांचोपरांत विनोद शर्मा को मृत घोषित कर दिया।

वहीं घटना की सूचना पर पहुंचे विनोद शर्मा के पुत्र बिजेंद्र शर्मा ने पिता के शव को लेकर गांव चला गया। वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। यहां बताते चलें कि विनोद शर्मा मध्य विद्यालय रंगिनिया में कार्यरत थे वहीं से वो कुछ वर्ष पहले सेवानिवृत्त हो गए थे।‌