मिट्टी के स्वास्थ्य की देखभाल अपने स्वास्थ्य की तरह करना जरूरी : प्रखंड प्रमुख

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) प्रखंड के कृषि भवन में विश्व मृदा दिवस के मौके पर किसानों के बीच मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण किया गया। इस मौके पर प्रखंड प्रमुख शबनम कुमारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी आनंदी कुमार चौधरी मुख्य रूप से मौजूद थे।

इस मौके पर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी श्री चौधरी ने कहा की आज के इस दिवस के लिए मुख्य थीम मिट्टी की लवणता को बढ़ने से रोकना और उत्पादकता को बढ़ाना है। यह तभी संभव है जब हम मिट्टी एवं फसलों की आवश्यकता के अनुरूप ही रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों आदि का प्रयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि, मिट्टी प्रकृति प्रदत्त है। इसकी उर्वरता भी प्रकृति प्रदत चीजों के उपयोग से ही बिना मिट्टी के स्वास्थ्य को हानि पहुंचाए बढ़ाया जा सकता है।

कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख शबनम कुमारी ने कहा कि, आज मिट्टी के स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए संपूर्ण फसल प्रबंधन की जरूरत है। इसके तहत हमें न केवल फसलों में आवश्यकता अनुरूप ही उर्वरकों का प्रयोग करना है, बल्कि फसलों में लगने वाले विभिन्न प्रकार के कीटों एवं रोगों के लिए संतुलित एवं आवश्यकता अनुरूप ही रसायनों का उपयोग करना है।

आज हमें मिट्टी के स्वास्थ्य को बचाए रखने के लिए फिर से जैविक खादों एवं वर्मी कंपोस्ट को जुताई के समय ही खेतों में डालने के साथ-साथ मिट्टी जांच आधारित खेती करने, बीजों का टीकाकरण करने, रोगों एवं शत्रु कीटों से फसलों की सुरक्षा के लिए भौतिक एवं जैविक विधि का प्रयोग करने तथा मित्र कीटों की सुरक्षा करने की आवश्यकता है।

इस मौके पर पूर्व कृषि पदाधिकारी श्री जयनारायण झा, कृषि समन्वयक अशोक गांधी, रविन्द्र कुमार, विकास, धीरेंद्र, अनुरुद्ध पटेल, अजय कुमार, शंकरानन्द गांधी, रूमा रानी सहित कई किसान सलाहकार मौजूद थे।