उपस्थिति पंजी में हाजरी बना अंचल नाजिर मिले गायब

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) प्रखंड प्रमुख शबनम कुमारी ने मंगलवार को अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया इस दौरान कार्यालय कर्मी सहित बिचौलियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान अंचल नाजिर महेन्द्र पासवान अपने कार्यालय से गायब पाए गए।

निरीक्षण के क्रम में प्रखंड प्रमुख ने अंचल कार्यालय में मौजूद हाजिरी पंजी का अवलोकन किया तो देखी कि अंचल नाजिर नहीं आने के बावजूद भी हाजिरी पंजी में अपना उपस्थिति दर्ज करवा रखा है। वहीं उन्होंने मंगलवार को कार्यालय में अनुपस्थित पाए जाने पर अंचल नाजिर का हाजिरी काट दिया।

वहीं प्रखंड प्रमुख शबनम कुमारी ने बताया कि आए दिन अंचल नाजिर के कार्यालय से गायब रहने की शिकायत प्राप्त हो रही थी। उनसे सोमवार को मोबाइल पर बात करने पर नाजिर ने सहरसा कार्यालय में रहने का बहाना बनाया और इधर कार्यालय उपस्थित पंजी में उनका हाजिरी बना हुआ था। यह कोई नई बात नहीं है अधिकांश वे अपने कार्यालय से गायब रहते हैं।

वहीं उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालय में बिचौलियों का जमावड़ा रहता है और अंचल के लेखागार में महत्वपूर्ण कागजातों के साथ छेड़छाड़ करते नजर आते हैं। साथ ही अंचल में काम के लिए आने वाले गरीब लोग इसका शिकार हो कर अपनी जमा पूंजी गवा बैठते हैं।

उन्होंने अंचलाधिकारी को अंचल नाजिर सहित अंचल कार्यालय में बिचौलियों को चिन्हित करते कार्रवाई करने को लेकर पत्राचार किया है। निरीक्षण के दौरान प्रखंड उप प्रमुख धर्मेंद्र राय, सुरेश तांती, नारायण यादव, किशोर कुमार सहित कई पंचायत समिति सदस्य मौजूद रहे।