कस्तूरबा में बच्चों के साथ भोजन कर डीएम ने गुणवत्ता का लिया जायजा
  • सलखुआ में निरीक्षण से मचा हड़कंप, अनुपस्थित कर्मी से स्पष्टीकरण

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) जिला पदाधिकारी वैभव चौधरी सोमवार को सिमरी बख्तियारपुर पहुंच सबसे पहले रायपुरा पंचायत स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका व उत्क्रमित हाई स्कूल रायपुरा भौरहा का निरीक्षण किया वहीं इसके बाद सलखुआ प्रखंड पहुंच अंचल व प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। वहीं सलखुआ में अनुपस्थित कर्मी से स्पष्टीकरण की मांग की गई।

सिमरी बख्तियारपुर : सबसे पहले डीएम वैभव चौधरी सिमरी बख्तियारपुर-सहरसा मार्ग के रायपुरा पंचायत सरकार भवन के समीप कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय बालिका का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में स्मार्ट क्लास चालू अवस्था में सुसज्जित पाया गया। सभी वर्ग कक्ष में शिक्षकों द्वारा पठन-पाठन किया जा रहा था। विद्यालय की स्वच्छता, प्रशासनिक व शैक्षणिक व्यवस्था सही पाया गया।

जिला पदाधिकारी द्वारा और बेहतर करने के निर्देश दिये गये। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा कस्तुरबा विद्यालय की छात्राओं के साथ भोजन की गुणवत्ता का स्वाद भी चखा। साथ हीं साफ-सफाई एवं मीनू के अनुसार गुणवत्ता पूर्ण खाना देने का निर्देश दिया गया। इसके अलावे बाथरूम में साफ-सफाई और जो भी आंशिक कमी पाई गयी उन्हें तत्काल दूर करने का निर्देश दिया गया। वर्ग कक्ष में पर्याप्त लाईट लगाने का निर्देश दिया गया। खाना डायनिंग रूम में और पंखा लगाने के निर्देश दिये गये। पुस्तकालय कक्ष सुसज्जित पाया गया।

वहीं डीएम मैदान के पूर्वी छोड़ पर स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय रायपुरा भौरहा पहुंचे। विद्यालय परिसर एवं वर्ग कक्ष, बिजलीयुक्त, पंखायुक्त प्रकाश एवं सुसज्जित पाया गया। बाथरूम शौचालय साफ-सुथरा एवं रनिंग वाटरयुक्त पाया गया। इसके अलावे जो कमियां थी। उसे तत्काल सुधारने के निर्देश दिये गये। विद्यालय में 20 शिक्षक उपस्थित थे तथा 3 शिक्षक अवकाश में पाये गये। स्मार्ट क्लास चालू एवं सुसज्जित पाया गया।

सलखुआ : यहां से डीएम सलखुआ के लिए रवाना हो गए। डीएम सलखुआ पहुंच सलखुआ प्रखंड सह अंचल, आई.सी.डी.एस. कार्यालय एवं विभागवार विकास कार्याें का निरीक्षण किया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा सर्वप्रथम अंचल कार्यालय, प्रखंड कार्यालय, आई.सी.डी.एस. जीविका के पुस्तकालय की औचक निरीक्षण किया गया।

अंचल कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में अभिलेखागार व नाजीर कक्ष में विभिन्न रोकड़ पंजियों का निरीक्षण किया गया। जहां कमी पायी गयी। वहां सुधार करने के निर्देश दिये गये। इसके अलावे भूमि संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश अंचलाधिकारी श्याम किशोर यादव को दिया। इस क्रम में उनके द्वारा कर्मियों के उपस्थिति पंजियों की भी जाँच की गयी। अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण पुछने का निर्देश दिया गया।

आर.टी.पी.एस. काउन्टर पर पहुंचकर लंबित आवेदनों के विषय में जानकारी ली गयी। साथ हीं काउन्टर पर उपस्थित कर्मियों को आवेदनकर्ताओं को स-समय प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये। साथ हीं काउन्टर पर खड़े आवेदनकर्ताओं से भी बातचीत किया तथा उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

उसके बाद प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी कक्ष, प्रखंड स्थापना कार्यालय, नजारत, पंचायतीराज, आवास योजना, स्वच्छता, निर्वाचन कार्यालय समेत अन्य विभागों का भी निरीक्षण किया गया। साथ हीं किसानों के आवेदन को प्रखंड कार्यालय भेजने का निर्देश दिया तथा उनकी समस्या के समाधान का हरसंभव प्रयास करने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावे कार्यालयों की साफ-सफाई, शौचालय, पीने की पानी की व्यवस्था आदि में जो त्रुटियां पायी गयी उसे दूर करने के निर्देश दिये गए। साथ उपस्थित पदाधिकारी एवं कर्मियों को कार्य के प्रति सजगता एवं कार्यों को समय पर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिये गये। डीएम के औचक निरीक्षण से हड़कंप मच गया।

इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अनीषा सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी श्याम किशोर यादव, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।