बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के संबंध में दी गई विस्तृत जानकारी


सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती।


नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नं 13 के रंगिनियां गांव में बुधवार को सीएमएस वर्ल्ड स्कूल के प्रांगण में बच्चों एवं शिक्षकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण पर बल दिया। 

पौधारोपण कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रार्चाय एस.के सरकार एवं डायरेक्टर अबु अरशद,कुमार गौरव ने संयुक्त रूप से पौधारोपरण कर किया। इसके बाद सभी अध्यापकों ने आवश्यक रूप से एक-एक पौधा लगाया। वहीं सभी स्कूली छात्रों ने स्कूल प्रांगण में पौधारोपण कर प्रांगण को हरा भरा बनाने में अपने सहभागिता निभाई।


इससे पूर्व विद्यालय प्राचार्य  ने छात्रों को पेड़ों की महत्ता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को पेड़ व जल के महत्व को बताते हुए कहा कि दोनों ही मनुष्य जीवन के लिए उस रथ के दो पहियों के समान है, जिसका एक पहिया टूटने पर रथ अकस्मात रुक जाता है। इसी तरह से जल के बिना पेड़ नही तो पेड़ के बिना जल नहीं। हमारी प्रकृति का संतुलन पेड़ों पर ही टिका है। 

डायरेक्ट कुमार गौरव ने कहा कि पेड़ पर्यावरण के संरक्षक हैं तो पेड़ ही बरसात लाने में सहायक हैं। इससे मनुष्य जीवन में पेड़ों की अधिक भूमिका होती है।


अबू अरशद ने छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पेड़ निस्वार्थ भाव से मनुष्य को फल-फूल व छाया प्रदान करते हैं। सांस लेने वाली आक्सीजन भी पेड़ ही मनुष्य को प्रदान करते हैं। इसलिए हमें अपने जीवन में कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। पेड़ लगाने से मनुष्य को पुण्य का फल भी प्राप्त होता है। इसके बाद प्रार्चाय ने सभी छात्रों को पेड़ लगाने व पर्यावरण बचाने की शपथ भी दिलाई। 


इस अवसर पर  शिक्षक यशवंत कुमार,शाजिया, मो.कमर , मो.रहमान, मिराज,विकास सहित समस्त विधालय स्टाफ व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।