घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में कराया गया भर्ती, छानबीन में जुटी पुलिस

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती :  अनुमंडल क्षेत्र के सलखुआ थाना अंतर्गत बहुअरवा गांव में बुधवार को दो सगे भाइयों के बीच दरवाजे पर से कचरा हटाने को लेकर उत्पन्न विवाद में जमकर मारपीट हुई जिसमें दोनों पक्षों की ओर से आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी हो गए। सभी जख्मियों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलखुआ में भर्ती कराया गया। वहीं सलखुआ थाना पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दिया है।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार एक पक्ष के मनोज कुमार सिंह और दूसरे पक्ष के सतीश सिंह के बीच कचरा फेंकने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ। देखते ही देखते बहसबाजी से मामला इतना आगे बढ गया की दोनो पक्षों के बीच लाठी – डंडे व खंती से मारपीट शुरू हो गयी। जिसमें एक पक्ष के ब्रह्मदेव सिंह के पुत्र सतीश सिंह, प्रमोद सिंह और सतीश सिंह की 24 वर्षीय पुत्री रवीना कुमारी बुरी तरह घायल हो गई। वहीं दूसरे पक्ष के तरफ से मनोज सिंह, पारस मनी कुमार, राजमणि कुमार, और उषा देवी भी घायल है।

वहीं एक पक्ष के सतीश सिंह की मानें तो सुबह सुबह मनोज सिंह की पत्नी आंगन में झाडू देकर कचरा लेकर जा रही थी, उसी दौरान कचरा रास्ते पर गिर गया और उसको रास्ते पर से नहीं उठाई। इसी विवाद को लेकर मनोज सिंह अपने सभी घर के सदस्यों के साथ बहसबाजी करते लाठी डंडे व रड लेकर मारपीट करने लगा। जिसमे हमलोग कुल 4 आदमी घायल हो गए।

वहीं दूसरे पक्ष के मनोज सिंह की माने तो बीते मंगलवार को जमीन रजिस्ट्री हुआ था और बीते 6 महीने पूर्व से ही उसी रंजिश को लेकर हमलोगों से मारपीट करना चाह रहा था। वहीं आज सुबह से ही प्रमोद सिंह सहित अन्य लोग हमलोगों का घर घेरा हुआ था। उसी दौरान जब हमलोग घर से निकले तो प्रमोद सिंह और उनके लोगों के द्वारा बहाना बना लाठी डंडे से मारपीट करने लगा जिसमे मेरे अलावा दो पुत्र कुल तीन आदमी घायल हो गए है।

वहीं इस मारपीट की घटना को लेकर सलखुआ थानाध्यक्ष गुड्डू कुमार ने बताया कि एक पक्ष के सतीश सिंह के द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है वहीं दूसरे पक्ष के मनोज सिंह का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। दोनो पक्षों के घायलों का इलाज पुलिस देख रेख में करवाया जा रहा है। मारपीट की इस घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।