बिहरा थाना के बारा भरना गांव का था रहने वाला मृतक, जांच में जुटी पुलिस

सहरसा/भार्गव भारद्वाज : सहरसा हवाई अड्‌डा सड़क में पटेल मैदान के समीप अज्ञात अपराधियों ने बाइक सवार युवक को गोली मार कर हत्या कर दी। घटना करीब रात के 9 बजे की है। मृतक युवक हीरा कुमार सिंह जिले के बिहरा थाना क्षेत्र के बारा भरना गांव का रहने वाला था। वह कृषि उत्पाद खाद बीज दवा कंपनी में सेल्समेन के तौर पर काम करता था।

वहीं सदर थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार पुलिस बलों के साथ शव को कब्जे में लेकर हत्या के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। सुधाकर कुमार ने बताया कि मृतक युवक को गर्दन के पास एक ही गोली मारी गयी। उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक कृषि उत्पाद कंपनी में काम करता था। हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चला है।

इधर, घटना स्थल पटेल मैदान स्थित विश्वेश्वरैया चौक पर मृत युवक हीरा कुमार सिंह की बाइक और मोबाइल भी पुलिस ने बरामद कर ली है। मृतक हेलमेट पहने व मास्क लगाए हुए था। उसके पास से पर्स भी बरामद की गई है जिसमें रुपए भी मिले। उनपर सिर्फ एक गोली पीछे गर्दन के पास मारी गयी। जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई है।

मृतक के शव को सदर अस्पताल लाया गया। वहीं, उनकी तलाशी लिए जाने पर पर्स में मौजूद कुछ कागजात भी बरामद हुए। जिनमें दो जगहों के पते दर्ज हैं। जिनमें एक पता खगड़िया जिले के गोगरी का था। वहीं दूसरा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र के बारा भरना का मिला। पुलिस ने मृत युवक के मोबाइल नंबर से उसके दोस्त की पहचान कर बुलाया और आवश्यक जानकारी लेने में जुट गई है।

मृतक हीरा कुमार सिंह पहले खगड़िया के गोगरी में काम करता था। फिर सहरसा में निजी बीज कंपनी सेजेंडा में सेल्समैन के रूप में काम करता था। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या लूट के इरादे से नहीं की गयी है। हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश किसी बात को लेकर रही होगी। हालांकि रविवार तक इस मामले में कुछ खुलासा होने की उम्मीद है।