डेढ़ कट्टा जमीन को लेकर वर्षों से चल रहा दो पक्षों में विवाद, आए दिन गोलीबारी हुई आम बात
  • ग्रामीणों में गोलीबारी को लेकर दहशत है कायम, तीन थानों की पुलिस पहुंची गांव

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती : बख्तियारपुर पुलिस सर्किल क्षेत्र के सलखुआ थाना अंतर्गत गोरदह गांव में गुरुवार को वर्षों पुराने भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में चली आ रही आदावत को लेकर फिर एक बार बंदूकें गरजी। दर्जनों चक्र हुई गोलीबारी में एक पक्ष के एक महिला सहित दो व्यक्ति जख्मी हो गए। जख्मियों को इलाज के लिए सलखुआ सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डाक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सहरसा रेफर कर दिया।

वहीं घटना की सूचना पर बख्तियारपुर, सलखुआ एवं बनमा ईटहरी ओपी पुलिस गोरदह गांव पहुंच मामले की छानबीन शुरू कर दिया। गांव में घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत कायम है। वहीं सलखुआ पुलिस दो व्यक्ति को पुछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सलखुआ पुलिस ने गांव की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह सबेरे से गोरदह गांव में दोनों पुराने प्रतिद्वंद्वी उमेश यादव व विनोद यादव के बीच में तनाव व्याप्त था। करीब नौ बजे के करीब एक पक्ष की ओर से पहले हवा में गोली चलनी शुरू हुई। इसके बाद जवाबी फायरिंग भी शुरू हो गया। देखते देखते दोनों पक्षों की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गया। इस बीच आंगन में खड़ी एक पक्ष की एक महिला सुशीला देवी उम्र 40 वर्ष एवं स्व. कमल यादव के पुत्र रामजतन यादव 35 वर्षीय को गोली लग गई।

गोली लगने के बाद दोनों को इलाज के लिए सलखुआ सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां से डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार उपरांत बेहतर इलाज के लिए सहरसा रेफर कर दिया। सहरसा के एक निजी क्लीनिक में दोनों जख्मियों का इलाज चल रहा है।

ये भी पढ़ें : सहरसा : भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में भारी तनाव, कभी हो सकता खूनी संघर्ष

पुरे मामले की जानकारी लेने के लिए सलखुआ थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के मोबाइल नंबर पर दो बार फोन किए जाने पर किन्हीं व्यक्ति के द्वारा एक बार फोन चार्ज में रहने व दुसरी बार थानाध्यक्ष शौचालय जाने की बात बताई गई। वहीं मामले के संबंध में सिमरी बख्तियारपुर डीएसपी इम्तियाज अहमद से पुछे जाने पर बताया कि मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

यहां बताते चलें कि गोरदह गांव में दो पक्ष उमेश यादव एवं बिनोद यादव के बीच डेढ़ कट्टा जमीन को लेकर वर्षों से जमीनी विवाद चली आ रही है। कई बार पंचायत से लेकर पुलिस तक के बीच विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सीओ सलखुआ विवादित जमीन पर दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया था। लेकिन इसके बावजूद आए दिन गोलीबारी आम बात हो गई है।

चलते चलते ये भी पढ़ें : रवि दहिया के ओलंपिक मेडल के पीछे इस संन्यासी का हाथ, बचपन में ही भर दी थी जीतने की ताकत