पीएचसी में एक एम्बुलेंस व दो डॉक्टर होंगे प्रतिनियुक्त, बाढ़ पीड़ितों की सूची जल्द अपडेट करने का निर्देश

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती : जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बुधवार को सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल क्षेत्र के सलखुआ अंचल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस मौके पर उनके साथ सिविल सर्जन अवधेश कुमार, एडीएम विनय कुमार मंडल, एसडीओ वीरेंद्र कुमार, डीसीएलआर सदर राजेन्द्र दास, सलखुआ बीडीओ अरूण कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सबसे पहले अंचल कार्यालय वैश्म में बैठक कर बाढ़ आपदा की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने सलखुआ सीओ श्याम किशोर यादव को निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ पीड़ितों की सूची अविलंब पोर्टल पर अपडेट करें, जिससे समय पर बाढ़ पीड़ितों को आपदा राहत मुहैया हो सके। कार्य में कौताही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं सीओ श्याम किशोर यादव ने कहा कि अब तक छह हजार बाढ़ पीड़ितों की सूची अपडेट किया गया है, शेष बचे को बहुत जल्द अपडेट कर दिया जाएगा।

वहीं डीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलखुआ के निरीक्षण किया। लगभग एक घंटे तक अस्पताल में रहे डीएम ने मरीजों की सुविधा का जायजा लिया। साथ ही अन्य सुविधाएं को लेकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अनिल कुमार सिंह से पुछताछ किया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि एक एम्बुलेंस है जो बराबर खराब ही रहता है। चिकित्सक की कमी के अलावे अन्य समस्या से अवगत कराया गया।

मरीजों को अस्पताल प्रबंधक द्वारा मिलने वाली अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। डीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मौजूद सीएस अवधेश कुमार से स्वास्थ्य सुविधा बेहतर रखने की बात कही। डीएम ने अस्पताल के ऊपरी तल में बने वार्ड का भी निरीक्षण किया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि उपरी तल पर मरीजों को जाने के लिए न तो रैम्प है न तो लिफ्ट जिस कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। डीएम ने सलखुआ सीएचसी के लिए दो चिकित्सक एवं एम्बुलेंस व्यवस्था करने का निर्देश सिविल सर्जन सहरसा को दिया गया।

चलते चलते ये भी पढ़ें : मजहब और नाम को लेकर ट्रोल हो रहे पटना के खान सर, पाकिस्‍तान-फ्रांस विवाद पर वीडियो से भड़के लोग