स्कूल से झंडोत्तोलन के बाद वापस आ रहा था घर की रास्ते में मारी गोली

खगड़िया : बिहार में अब महाजंगल राज कायम हो गया है यह कहने में तनिक भी गुरेज नहीं रहा है। क्राइम कुछ इस कदर बढ़ गया है कि कब कहां कोई गोली का शिकार हो जाय कोई नहीं कह सकता है। मंगलवार की सुबह मुखिया प्रतिनिधि की गोली मार हत्या का मामला शांत भी नहीं हुआ कि इसी जिले के अलौली प्रखंड में एक शिक्षक की दिनदहाड़े गोली मार हत्या कर दी गई।

वो भी उस दिन जिस दिन पुरा देश आजादी के 73 वां वर्षगांठ मना रहा हो। आजादी का जश्न मना वापस घर लौट रहें एक 32 वर्षीय शिक्षक को बेखौफ बदमाशों द्वारा पीछा कर गोली मार मौत के घाट उतार पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती देते हुए महाजंगल राज होने पर मुहर लगा दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खगड़िया जिले के अलौली प्रखंड के शहरबन्नी पंचायत के चिकनी स्थित प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक श्यामसुंदर मुखिया अपने स्कूल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मेघौना के कोकरहा-सनोखर के बीच कोशी तटबंध पर बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली शिक्षक के पीठ और कान के पास लगी है।

बताया जाता है कि अपराधियों ने शिक्षक को कई गोलियों से अपना निशाना बनाया। जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके पूर्व फुलतौड़ा पुल से ही बाइक सवार बदमाश शिक्षक का पीछा करने की बात कही जा रही है । घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। मृतक सनदही गांव के निवासी थे। उधर घटना की खबर क्षेत्र में सनसनी फैला गई है।

वहीं घटना से आक्रोशित मृतक के परिजन व ग्रामीणों के द्वारा हंगामा शुरू कर दिया गया। मामले की खबर मिलते ही अलौली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही अलौली के प्रखंड विकास पदाधिकारी भी मौके पर पहुंकर कर स्थिति को संभालने के मशक्कत करते रहे। बड़ी संख्या में पुलिस बल घटना स्थल की ओर भेजी गई है।

हालांकि हत्या के स्पष्ट कारणों का खुलासा अभी नहीं हुआ है वहीं घटना को अंजाम किस गिरोह के बदमाशों द्वारा दिया गया है इसकी भी पड़ताल की जा रही है। वहीं घटना के बाद अलौली थाना क्षेत्र में खौफ का माहौल कायम है। घटना को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है।

ये भी पढ़ें : खगड़िया : उत्तर माड़र पंचायत के मुखिया पति की गोली मार हत्या, हंगामा