मामला बहुचर्चित मध्य विद्यालय चौक बाजार सिटानाबाद का


जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में बीईओ ने दर्ज कराया प्राथमिकी


सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) ब्रजेश भारती की रिपोर्ट :-


सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय चौक बाजार सिटानाबाद के प्रधानाध्यापक व तीन शिक्षकों पर मुख्यमंत्री पोशाक राशि और छात्रवृति मद के करीब 20 लाख रुपये का गबन किए जाने को लेकर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना के निर्देश पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) ने बख्तियापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। 

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार ने दिए आवेदन में उत्क्रमित मध्य विद्यालय चौक बाजार सिटानाबाद के प्रधानाध्यापक प्रभाकर चौधरी, सहायक शिक्षक बिन्देश्वरी राम, विश्वनाथ कुमार और शिक्षिका ममता कुमारी को नामजद किया है। इन शिक्षकों पर सरकारी राशि को अन्य खाता में हस्तांतरित करने तथा गबन करने का आरोप लगा है। 


इस मामले को “ब्रजेश की बात” सहित अन्य मीडिया ने गबन की बात को प्रमुखता से उठाया था।
ये भी पढ़ें :- विभागीय मिलीभगत से पांच वर्षों में एचएम डकार गए पचास लाख
http://www.brajeshkibaat.com/2018/05/50.html


क्या है मामला –


वित्तीय वर्ष 2013-14 में पोशाक राशि मद में दो लाख छह हजार 800 रूपये, कल्याण छात्रवृत्ति मद में एक लाख 60 हजार 800 सौ गबन करने का अरोप है। इसी तरह वित्तीय वर्ष 2014-15 में पोशाक राशि में एक लाख 73 हजार 200 सौ, कल्याण छात्रवृत्ति मद में 1 लाख 63 हजार 200 सौ रुपये, वित्तीय वर्ष 2015-16 में पोशाक राशि मद में 2 लाख 28 हजार 400 सौ और कल्याण छात्रवृति मद में 2 लाख 57 हजार 400 सौ, वित्तीय वर्ष 2016-17 में पोशाक राशि मद में 2 लाख 60 हजार 400 सौ और कल्याण छात्रवृति मद में 5 लाख 8 हजार 800 सौ रूपए गबन का आरोप है। उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2013-14 से 2015-16 तक बच्चों की पोशाक, छात्रवृति की राशि विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा विभागीय निर्देशानुसार नगद उपलब्ध कराया जाता था। सूची पर बच्चों को अथवा बच्चे के माता-पिता के हस्ताक्षर करवा लिया जाता था। परंतु वित्तीय वर्ष 2016-17, 2017-18 में पोशाक, छात्रवृत्ति की योजना की राशि विभागीय निर्देशानुसार बच्चों अथवा उनके माता पिता के खाते में अथवा संयुक्त खाते में बच्चों को एडवाइस बनाकर संबंधित बैंक के माध्यम से आरटीजीएस द्वारा लाभान्वित किया जाना था।

ग्रामीणों की शिकायत पर उजागर हुआ मामला –


सिटानाबाद चौक बाजार निवासी मुमताज अहमद एवं अन्य ग्रामीणों द्वारा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सहित क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक कोसी प्रमंडलीय सहरसा एवं निदेशक प्राथमिक शिक्षा बिहार पटना कार्यालय में लिखित आवेदन देकर सरकारी राशि के गबन का आरोप लगाया था। जिसपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मध्याह्न भोजन योजना सहरसा के द्वारा किए गए जांच में आरोप प्रमाणित हुआ। 


प्रधानाध्यापक एवं अन्य शिक्षकों के द्वारा साजिश रचकर उक्त विद्यालय के साथ छात्र-छात्राओं के पोशाक राशि एवं छात्रवृति की राशि को दूसरे खाता में हस्तांतरित कर दिया गया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया।

इस संबंध में बख्तियापुर थानाध्यक्ष रणवीर कुमार से पुछे जाने पर बताया कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से प्राप्त आवेदन पर उत्क्रमित मध्य विद्यालय चौक बाजार सिटानाबाद प्रधानाध्यापक सहित चार शिक्षकों पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। उचित कार्रवाई की जा रही है ।